आजम खान ने मुलायम सिंह को हिटलर करार दिया
लखनऊ में मंगलवार को संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि अब समाजवादी पार्टी पूरी तरह से 'कल्याणवादी' पार्टी हो गई है और इसने मुसलमानों का विश्वास खो दिया है। पार्टी अध्यक्ष हिटलर जैसा बर्ताव कर रहे हैं। वह पार्टी को तो ले ही डूबेंगे साथ-साथ अपने राजनीतिक जीवन का अंत भी करेंगे।
खान ने आरोप लगाया कि सपा भी कांग्रेस के पदचिन्हों पर चलकर परिवारवाद को बढ़ावा देते हुए राजनीति को पारिवारिक व्यवसाय बना रही है। फिरोजाबाद लोकसभा सीट के उपचुनाव के लिए अपनी पुत्रवधू डिंपल यादव को पार्टी का उम्मीदवार बनाकर मुलायम सिंह ने इसके साफ संकेत दे दिए हैं।
सपा महासचिव अमर सिंह पर निशाना साधते हुए खान ने कहा कि हाल ही में उनके खिलाफ दर्ज हुए मामले से पता चलता है कि किस तरह उन्होंने काला धन कमाने के लिए राजनीति का इस्तेमाल कर उसे लांछित किया है।
खान ने दावा किया कि सपा से मुसलमानों का पूरी तरह से मोहभंग हो चुका है। विधानसभा के आगामी 11 उपचुनावों में सपा को करारी हार का सामना करना पड़ेगा।
मालूम हो कि बीते लोकसभा चुनाव के दौरान कल्याण सिंह और जयाप्रदा को लेकर बागी तेवर अपनाने वाले आजम खान को सपा से निष्कासित कर दिया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications