चीन ने कहा, भारत के साथ टकराव नहीं
यह संदेश चीन ने नेपाल की माओवादी पार्टी के शीर्ष नेता और पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड को दिया है। प्रचंड ने हाल ही में बीजिंग की यात्रा की है।
आठ दिनों की बीजिंग यात्रा से लौटने के दूसरे दिन मंगलवार को प्रचंड ने अपनी पार्टी के नेताओं के साथ एक बैठक कर अपनी यात्रा के बारे में जानकारी दी। वह चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के आमंत्रण पर बीजिंग गए थे।
अपनी यात्रा के दौरान चीनी राष्ट्रपति हू जिंताओ और अन्य शीर्ष नेताओं से मुलाकात करने वाले प्रचंड से चीन ने कहा कि वह भारत सहित क्षेत्र के देशों के साथ बेहतर संबंध चाहता है।
माओवादी पार्टी के प्रवक्ता दीनानाथ शर्मा ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अमेरिका दुनिया का नेतृत्व करता रहा है। चीन का मानना है कि अब मौका एशिया का है और इसके लिए वह क्षेत्र के सभी देशों के साथ बेहतर संबंध चाहता है।
प्रचंड से चीन ने यह भी कहा कि वह अब शांति और आर्थिक विकास चाहता है। उन्होंने कहा कि बीजिंग नेपाल में शांति प्रक्रिया और संविधान के निर्माण में सहयोग करने के साथ आर्थिक विकास के लिए तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications