इस्लामाबाद में विश्वविद्यालय में 2 आत्मघाती बम विस्फोटों में 2 मरे (लीड-3)
इंटरनेशनल इस्लामिक यूनिवर्सिटी में दो आत्मघाती बम विस्फोटों की घटनाएं ऐसे मौके पर हुईं जब पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने तालिबानी आतंकवादियों के खिलाफ जबरदस्त अभियान छेड़ रखा है।
मिनट भर के अंतराल पर हुए इन बम विस्फोटों से पूरे परिसर में दहशत फैल गयी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ताहिर आलम के अनुसार दोनों आत्मघाती विस्फोट विश्वविद्यालय के छात्रों और छात्राओं के परिसरों में हुए।
पहला धमाका छात्राओं के कैफेटेरिया में हुआ। हमलावर ने छात्राओं से खचाखच भरे कैफेटेरिया में जाकर बम विस्फोट कर दिया। उसके बाद दूसरा विस्फोट शरिया एकेडेमिक ब्लॉक में हुआ।
अहमद हसन नाम के एक प्रत्यक्षदर्शी ने एक्सप्रेस टीवी को बताया कि एक व्यक्ति यह कहकर विश्वविद्यालय परिसर में दाखिल हुआ कि उसे वहां कुछ सामान पहुंचाना है। उसके बाद उसने खुद को धमाके से उड़ा दिया।
पुलिस ने मौके से एक संदिग्ध को भी गिरफ्तार किया है। टेलीविजन पर घटनास्थल पर फर्श पर बिखरे कांच और दीवारों पर खून के धब्बों को दर्शाया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोटों के समय विश्वविद्यालय में 3000 से 4000 छात्र मौजूद थे।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार इस्लामाबाद के पुलिस उपप्रमुख बिन यामिन ने बताया कि विस्फोटों में चार लोग मारे गए हैं लेकिन उन्होंने यह नहीं बताया कि उनमें हमलावर शामिल हैं या नहीं।
घायलों में दो छात्र और 11 छात्राएं थीं। घायलों में चार की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉन ने खबर दी है कि घायलों में विदेशी छात्र भी हैं।
तालिबानी लड़ाकों की ओर से जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए सशस्त्र बलों के शैक्षिक संस्थान कम से कम सप्ताह भर के लिए बंद कर दिए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications