हड़ताल से गुड़गांव की फैक्टरियों में कामकाज प्रभावित
हड़ताल का आह्वान ऑल इंडिया ट्रेड यूनियन कांग्रेस (एटक) ने किया है। एटक के राष्ट्रीय सचिव डी. एल. सचदेव ने आईएएनएस को बताया, "60 कंपनियों के लगभग 80,000 कामगार हड़ताल में शामिल हैं। सभी लोग एक कामगार की मौत के मामले में ऑटो कंपनी रीको के प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।"
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को रीको के हड़ताल पर गए कामगारों और काम पर लौटने के इच्छुक कामगारों के बीच झड़प हो गई थी। इस दौरान एक कामगार की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे।
सचदेव ने कहा कि मंगलवार की हड़ताल के बाद सभी कामगार आगे के कदम के बारे में फैसला करेंगे।
गुड़गांव के जिला प्रशासन ने सोमवार को इस मामले के निपटारे के लिए अतिरिक्त उपायुक्त पुष्पेंद्र चौहान के नेतृत्व में चार सदस्यीय एक समिति का गठन किया था।
उधर, एटक गुड़गांव के महासचिव अनिल कुमार ने कहा, "अब तक हमें इस मामले को सुलझाने के संदर्भ में जिला प्रशासन या कंपनी की ओर से कोई संदेश नहीं मिला है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications