शाहनवाज़ को अमरीकी वीज़ा नहीं

भारत के पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद शाहनवाज़ हुसैन वीज़ा नहीं मिलने के कारण संयुक्त राष्ट्र सम्मेलन में हिस्सा लेने अमरीका नहीं जा सके.
यह सम्मेलन 20 से 31 अक्तूबर तक न्यूयॉर्क में होना है.
भारत सरकार ने प्रतिनिधिमंडल में पाँच लोगों को शामिल किया था जिसमें गिरिजा ब्यास, संजय निरूपम, इलंगोवन और अली अनवर भी शामिल थे.
बाकी चार सदस्यों को अमरीकी दूतावास ने वीज़ा दे दिया लेकिन शाहनवाज़ हुसैन को वीज़ा देने से इनकार कर दिया.
बीबीसी से बात करते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा, "हां ये सच है. मुझे वीज़ा नहीं मिला जबकि मैं सरकारी प्रतिनिधिमंडल का सदस्य होने के नाते वहां जा रहा था. पता नहीं उन्हें हुसैन जैसे शब्दों पर ज़्यादा ही ऐतराज़ होता है."
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल के बाकी चार सदस्य सोमवार रात ही दिल्ली से रवाना हो रहे हैं.
भाजपा सांसद ने बताया कि वीज़ा न दिए जाने के पीछे प्रशासनिक प्रक्रिया को कारण बताया गया है.
शाहनवाज़ हुसैन इससे पहले तीन बार अमरीका की यात्रा कर चुके हैं और तीनों यात्राओं के दौरान न्यूयॉर्क जा चुके हैं.


Click it and Unblock the Notifications