पाक के दृष्टिकोण में कोई बदलाव नहीं : थरूर (लीड-1)
वाशिंगटन, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। विदेश राज्य मंत्री शशि थरूर ने कहा है कि आतंकवादियों के प्रति पाकिस्तान के दृष्टिकोण में कोई बदलाव नहीं आया है और उसने अभी तक इस दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाना है।
समाचार चैनल सीएनएन के एक कार्यक्रम में थरूर ने कहा कि पाकिस्तान ने अभी तक कोई विश्वसनीय कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को 26/11 के षड्यंत्रकारियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के साथ आतंकवाद के आधारभूत ढांचें को खत्म करना होगा।
विदेश राज्य मंत्री ने कहा, "अब इस तरह की चीजों से हम दुखी हैं। हम कुछ वास्तविक और प्रभावी कार्रवाई चाहते हैं।"
थरूर ने यह बात पिछले वर्ष नवंबर में मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों के बाद पाकिस्तान के रवैये के बारे में पूछे गए सवाल पर यह बात कही।
थरूर ने कहा, "हमने उस घटना के षड्यंत्रकारियों को न्याय के कटघरे में खड़ा करने के लिए विश्वसनीय कार्रवाई की मांग की थी। हमने पाकिस्तान में स्थित आतंकवादियों के आधारभूत ढांचे को नष्ट करने की मांग की थी, जिससे पिछले कुछ दशकों से भारत के खिलाफ हमले होते आ रहे हैं।"
थरूर ने कहा कि वह स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि पाकिस्तान ने कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवादियों को भी 'अच्छे' और 'बुरे' श्रेणी में रखा है।
थरूर ने कहा, "अच्छा आतंकवादी वह होता है जो भारतीयों पर बम गिराता है और भारत में लोगों को मारता है। बुरा आतंकवादी वह है जो पाकिस्तानी हितों पर हमला करता है, वह चाहे अफगानिस्तान में हो या पाकिस्तान में। हम दूसरे शब्द में कह सकते हैं कि यदि आप ताज महल होटल को उड़ाते हैं तो आप अच्छे हैं और यदि इस्लामाबाद स्थित मैरियट होटल को उड़ाते हैं तो बुरे हैं। "
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications