राष्ट्रमंडल खेलों के लिए सुरक्षा योजना
नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की ओर से राष्ट्रमंडल खेलों के दौरान राष्ट्रीय राजधानी की सुरक्षा योजना का सोमवार को खुलासा किया गया है। इस योजना के अनुसार दिल्ली में वाहनों के लिए विशेष लेन होंगे, आयोजन स्थलों पर चार स्तरीय सुरक्षा जांच व्यवस्था होगी, रासायनिक और जैविक हथियारों से निपटने के लिए विशेषज्ञ तैनात होंगे और आसमान में हेलीकॉप्टर निगरानी करते रहेंगे।
विशेष आयुक्त नीरज कुमार ने यहां संवाददाताओं को बताया, "खेलों से संबंधित वाहनों के लिए एक विशेष लेन होगा। यदि किसी दूसरे वाहन ने उस लेन में प्रवेश किया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
नीरज कुमार ने कहा कि लाहौर जैसे आतंकी हमले की घटना से बचने के लिए पुलिस ने खेलों में भाग लेने वालों के लिए अलग रास्तों का निर्धारण किया है। वैकल्पिक रास्ते भी तय किए गए हैं।
नीरज कुमार ने कहा, "मार्गो पर तोड़फोड़ निरोधी दल, द्रुत प्रतिक्रिया दल (क्यूआरटी), कमांडो, एंबुलेंस, छतों पर खोजी कुत्ते व वर्दीधारी सुरक्षा कर्मी तैनात होंगे। खिलाड़ियों को ले जाने वाली बसों में भी सशस्त्र सुरक्षा कर्मी तैनात होंगे। इसके अलावा एस्कॉर्ट वाहन तो होंगे ही।"
नीरज कुमार ने खेल गांव में भी होने वाले सुरक्षा इंतजाम का इस मौके पर खुलासा किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications