रॉयल राजस्थान ऑन व्हील्स में इस बार पर्यटकों के लिए कई नए आकर्षण
राजस्थान पर्यटन विकास निगम (आर.टी.डी.सी.) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. मनजीत सिंह ने इस शाही रेलगाड़ी के दूसरे पर्यटन सीजन में पहले व्यावसायिक सफर पर नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से प्रस्थान करते समय बताया कि पहियों पर राजमहल एवं रॉयल राजस्थान की अनुभूति करवाने वाली इस शाही ट्रेन में इस बार विशेष ध्यान यह रखा गया है कि पर्यटकों को राजस्थान की कला-संस्कृति, इतिहास, धरोहरों और नैसर्गिक सौन्दर्य से अधिकाधिक रूबरू करवाया जाए और सफर के लिए जरूरी समय के अलावा उनका वक्त ज्यादा से ज्यादा "साइट-सीन" में गुजर सके।
उन्होंने बताया कि ट्रेन को बाहर से सुनहरे पीले और केसरिया रंग से सुसज्जित किया गया है। यह रंग राजस्थान के गौरवशाली और सुनहरे इतिहास का प्रतीक है। इसी प्रकार रेल की अंदरूनी साज-सज्जा को भी नए रंग रूप में परम्परागत ढंग से आकर्षक बनाया गया है। ट्रेन में पांच सितारा होटलों की तरह सभी प्रकार की सुख-सुविधाएं मौजूद हैं।
डॉ. मनजीत सिंह ने बताया कि इस वर्ष पहले सफर में कुल देशी-विदेशी सैलानी राजस्थान की छह दिन और आगरा की एक दिन की यात्रा पर गये हैं। इस यात्रा में वे पैलेस ऑन व्हील्स के रूट की तरह ही राजस्थान के ऐतिहासिक नगरों जयपुर, सवाई माधोपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, जैसलमेर, जौधपुर और भरतपुर की यात्रा पूरी कर जग प्रसिद्घ आगरा का भ्रमण कर अगले रविवार को पुन: नई दिल्ली पहुंच कर एक सप्ताह की जीवनभर की यादगार यात्रा पूरी करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications