अस्थाना की मौत पर मोइली को भी आश्चर्य
मोइली ने समाचार चैनल एनडीटीवी से कहा, "यह वाकई चकित करने वाली घटना है। हमें इस मामले की जांच करने की जरूरत है। यह एक चिंतित करने वाला मामला है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या मुख्य आरोपी की मौत के बाद यह मामला बंद हो जाएगा, इस पर मोइली ने कहा, "मामले को बंद नहीं किया जा सकता। इसकी गंभीरता के साथ जांच की जानी चाहिए।"
मोइली ने कहा, "चूंकि इस मामले को पूरा राष्ट्र देख रहा है, इसलिए इस पूरे मामले की जांच करनी होगी।"
मोइली ने मामले के भविष्य के बारे में कहा, "कानून अपना काम करेगा।"
ज्ञात हो कि गाजियाबाद की डासना जेल में शनिवार को अस्थाना की रहस्यमय स्थिति में मौत हो गई थी।
इसके पहले सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को आदेश दिया कि यदि अस्थाना के शव का अंतिम संस्कार न किया गया हो तो उसे अगले आदेश तक रोक दिया जाए।
इस घोटाले की जांच के दौरान और निचली अदालत के समक्ष दिए गए अस्थाना के बयान में इस मामले में इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों सहित कई वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों के नाम खुल कर सामने आए थे।
इस मामले में न्यायपालिका के 26 सदस्यों के कथित रूप से लिप्त होने की बात सामने आई है। इसमें सर्वोच्च न्यायालय के एक न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सात न्यायाधीश, उच्च न्यायालय के छह सेवानिवृत्त न्यायाधीश और उत्तर प्रदेश की निचली अदालतों के 12 न्यायाधीशों के नाम शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications