मजदूर की मौत के बाद गुड़गांव फैक्टरी में तनाव जारी
इस बीच गुड़गांव पुलिस ने सोमवार को फैक्टरी 'रीको' के बाहर प्रदर्शन कर रहे 200 हड़ताली कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
कर्मचारियों ने रविवार शाम हुई हिंसा को भड़काने के लिए प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है।
गुड़गांव पुलिस आयुक्त एस. एस. देसवाल ने आईएएनएस से कहा, "कर्मचारियों की हड़ताल गैरकानूनी है और हम उन्हें बार-बार यह स्थान छोड़ने की चेतावनी दे रहे हैं। स्थिति से निपटने के लिए हमारे पास पर्याप्त पुलिस बल है।"
उन्होंने कहा, "फैक्टरी के एक कर्मचारी की मौत हो गई है जबकि छह-सात कर्मचारी जख्मी हुए हैं।"
पिछले एक महीने से 'रीको' में कर्मचारियों का आंदोलन चल रहा है और इस वजह से तनाव की स्थिति है। कर्मचारी एक यूनियन बनाना चाहते हैं जबकि प्रबंधन का कर्मचारियों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं है। प्रबंधन का कहना है कि कर्मचारी तनख्वाह बढ़वाना चाहते हैं जबकि फैक्टरी का उत्पादन लगातार कम होता जा रहा है।
रविवार को फैक्टरी में हड़ताल करने वाले और काम पर वापस लौटने की इच्छा रखने वाले कर्मचारियों के बीच झगड़ा हो गया था। स्थिति उस वक्त नियंत्रण से बाहर हो गई जब कर्मचारी हिंसक हो गए और इस हिंसा में एक कर्मचारी की मौत हो गई।
फैक्टरी के करीब 3,500 कर्मचारी हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications