'हिंदू संगठन के साथ मंत्री की पत्नी
पणजी, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा के गृह मंत्री रवि नाइक ने सोमवार को कहा कि राज्य के परिवहन मंत्री की पत्नी के साथ उस हिंदू संगठन के संबंधों की जांच की जाएगी, जिस पर गोवा विस्फोट का आरोप है। इस विस्फोट में उस संगठन के ही दो कार्यकर्ताओं की मौत हो गई थी।
नाइक ने अपने आवास पर संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन संस्था के साथ जुड़े हर किसी की जांच की जा रही है।
नाइक ने कहा, "हम हर किसी की जांच कर रहे हैं। हम जानते हैं कि ज्योति धवलीकर सनातन संस्था से जुड़ी हुई हैं, लेकिन उनका जुड़ाव किस हद तक है, यह हमें नहीं पता है। मैंने पुलिस से इसकी जांच करने के लिए कहा है।"
ज्ञात हो कि गोवा के परिवहन मंत्री रामकृष्ण उर्फ सुदिन धवलीकर महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के विधायक हैं और कांग्रेस नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के हिस्सा हैं। सुदिन के भाई दीपक धवलीकर भी एमजीपी के विधायक हैं।
सनातन संस्था के दो कार्यकर्ताओं की दक्षिण गोवा के मडगांव कस्बे में शुक्रवार की रात उस समय मौत हो गई थी, जब उनके द्वारा स्कूटर में रख कर ले जाया जा रहा बम रास्ते में फट गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications