नक्सलियों ने छत्तीसगढ़ में सड़कों का निर्माण रोका
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के एक अधिकारी ने सोमवार को आईएएनएस से कहा, "नक्सल प्रभावित बस्तर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कांकेर जिलों में 'प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना' के तहत चल रही कम से कम 350 सड़क निर्माण परियोजनाओं का कार्य अवरुद्ध हो गया है। नक्सली हिंसा की वजह से यहां कार्य जारी रखना मुश्किल हो गया है।"
करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से ये परियोजनाएं शुरू की गई थीं।
ठेकेदारों का जिला पुलिस अधिकारियों से कहना है कि नक्सलियों के दखल की वजह से निर्माण कार्य जारी रखने में कठिनाई हो रही है।
पुलिस के मुताबिक नक्सलियों ने सालभर में अकेले बस्तर जिले में सड़क निर्माण परियोजना में लगे कम से कम 65 वाहनों को आग के हवाले कर दिया है।
नक्सलियों ने कई अधिकारियों और कर्मचारियों को अगवा कर लिया और उनके द्वारा काम पर न लौटने का वादा करने के बाद ही उन्हें छोड़ा।
विशेषज्ञों का मानना है कि नक्सली ग्रामीण सड़कों का निर्माण इसलिए रोकना चाहते हैं क्योंकि सड़कों के निर्माण से इलाके में पुलिस व अर्धसैनिक बलों का आवागमन आसान हो जाएगा और नक्सली ऐसा नहीं चाहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications