मडगांव विस्फोट के सिलसिले में एक व्यक्ति गिरफ्तार
मडगांव विस्फोट मामले की जांच में महाराष्ट्र का आतंक निरोधक दस्ता भी पुलिस का सहयोग कर रहा है। हालांकि अभी मामले में गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान का ब्यौरा नहीं दिया गया है।
पणजी से 30 किलोमीटर दूर स्थित मडगांव कस्बे के नेसाई स्थित संस्था के कार्यालय में पुलिस ने तलाशी ली है।
पुलिस के अनुसार मालेगांव धमाके में आरोपी साध्वी प्रज्ञा सिंह से कथित तौर पर संबंध रखने वाले दक्षिणपंथी संगठन पर विस्फोट में शामिल होने का शक है।
बम विस्फोट मामले की गुत्थी जल्द से जल्द सुलझाने के लिए राज्य सरकार ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। बम विस्फोट में सनातन संस्था के दो कार्यकर्ता मारे गए थे।
दोनों कार्यकर्ता स्कूटर पर बम रखकर ले जा रहे थे कि अचानक विस्फोट हो गया।
पुलिस उपमहानिरीक्षक रवींद्र यादव ने पत्रकारों को बताया कि मडगांव विस्फोट के सिलसिले में एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की गई और गिरफ्तार व्यक्ति सनातन संस्था संगठन से जुड़ा है।
इससे पहले पुलिस संगठन के पांच व्यक्तियों को हिरासत में ले चुकी थी। इनकी गतिविधियों पर पुलिस की कड़ी नजर थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications