पाकिस्तान की स्थिति चिंताजनक: एंटनी (लीड-1)
नई दिल्ली में टेरिटोरियल आर्मी की 60वीं वर्षगांठ पर संवाददाताओं से बातचीत में एंटनी ने कहा कि पाकिस्तान की मौजूदा हालात काफी गंभीर है क्योंकि वहां आतंकवाद तेजी से फैल रहा है। उन्होंने कहा कि इस समय आतंकवाद पूरे विश्व के लिए समस्या है।
एंटनी ने कहा, "आतंकवाद से विश्व को वास्तविक खतरा है। आतंकवाद एक सच्चाई है। अमन पसंद सभी देशों और समुदायों के लिए आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष एक साझा चुनौती है। आतंकवाद के खिलाफ सभी को गंभीरता से कदम उठाना चाहिए।"
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान इन दिनों आतंकवादी हमलों की चपेट में है। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने स्वात घाटी के बाद अब दक्षिणी वजीरिस्तान में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान चला रखा है।
सुरक्षा के संबंध में एंटनी ने कहा, "अपनी क्षेत्रीय अखंडता और राष्ट्र की रक्षा करने के लिए हम कहीं से भी पेश, किसी भी चुनौती का हमेशा सामना करने के लिए तैयार रहते हैं। हमारे सुरक्षा बल हमेशा सर्तक रहते हैं।"
तटरक्षक बल और नौसेना के संयुक्त अभियान 'रक्षा' के बारे में एंटनी ने कहा, "हमने पिछले साल के 26/11 हमलों के बाद काफी कुछ सीखा है। उसके बाद तटीय सुरक्षा के लिए समन्वित प्रयास किए जा रहे हैं और नौसेना तथा तटरक्षक बल गंभीर कदम उठा रहे हैं। सरकार भी उन्हें मजबूती प्रदान करने के लिए सभी प्रकार का समर्थन दे रही है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications