मडगाव विस्फोट की जांच के लिए विशेष दल गठित
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस विस्फोट को एक नृशंस कृत्य करार दिया है और गृह मंत्री पर आरोप लगाया है कि वे इस घटना की जांच में हस्तक्षेप कर राजनीतिक लाभ लेना चाहते हैं।
दीपावली की पूर्व संध्या पर मडगाव इलाके में ग्रेस चर्च के पास हुए इस विस्फोट में बम को ले जा रहे दोनों व्यक्तियों की मौत हो गई थी। दोनों की पहचान सनातन संस्था के कार्यकर्ता के रूप में हुई थी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने आईएएनएस को बताया है कि विस्फोट मामले में अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है। पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश कुर्तादकर को एसआईटी का प्रमुख नियुक्त किया गया है।
इस बीच गोवा पुलिस का एक दल सनातन संस्था के तीन कार्यकर्ताओं से पूछताछ के लिए महाराष्ट्र के सांगली जिले के लिए रवाना हो गया है। इन तोनों को इस घटना के संदर्भ में हिरासत में लिया गया है।
गोवा के गृह मंत्री रवि नाइक ने संवाददाताओं को बताया कि सांगली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ के लिए पुलिस दल को रवाना कर दिया गया है।
मडगाव में संवाददाताओं से बातचीत में नाइक ने कहा कि इस बात की पुष्टि हो गई है कि जिस वाहन में विस्फोटक रखा गया था वह कथित तौर पर 'सनातन संस्था' के सदस्य निसाद बाखले नाम के व्यक्ति का था।
बाखले को पुलिस ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। नाइक ने कहा कि विस्फोट के बाद 'सनातन संस्था' के रामनाथी शहर स्थित मुख्यालय में पुलिस ने दबिश दी।
पुलिस ने कहा कि मालगुंदा पाटिल और योगेश नाइक जब एक स्कूटर से कहीं जा रहे थे तो उसमें विस्फोट हो गया। पुलिस का कहना है कि ये दोनों 'सनातन संस्था' के सदस्य थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications