धनी देशों को स्वास्थ्य क्षेत्र में अधिक सहयोग करना चाहिए : आजाद
आजाद ने बीजिंग में यौन व प्रजनन स्वास्थ्य पर चल रहे 5वें एशिया प्रशांत सम्मेलन में कहा, "अधिकांश विकसित देशों में व्याप्त आर्थिक मंदी के कारण वैश्विक कोष व विश्व बैंक जैसी स्वास्थ्य क्षेत्र की अंतर्राष्ट्रीय अनुदान एजेंसियों में संसाधनों की उपलब्धता पर बुरा प्रभाव पड़ा है।"
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार आजाद ने कहा है, "इस सम्मेलन में हम अंतर्राष्ट्रीय समुदाय से, खासतौर से विकसित देशों की सरकारों से आग्रह करना चाहेंगे कि वे संसाधनों और प्रौद्योगिकी के मामले में विकासशील देशों की कठिनाई को समझने की कोशिश करें और आबादी, परिवार नियोजन और प्रजनन जैसे स्वास्थ्य कार्यक्रमों में निवेश को बढ़ाएं।"
आजाद ने कहा है कि मंदी के कठिन समय में यह भी जरूरी है कि सरकारें यह सुनिश्चित कराएं कि उनके घरेलू बजट में सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के लिए पर्याप्त प्रावधान किए जाए।
आजाद ने कहा है कि एशिया प्रशांत क्षेत्र के कुछ देश प्रजनन दर में गिरावट और वृद्ध होती आबादी की समस्या से जूझ रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications