पाक में आतंकवादियों के खिलाफ कार्रवाई तेज (लीड-2)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार आतंकवादियों के खिलाफ शनिवार रात सुरक्षा बलों ने अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बलों ने दक्षिणी वजीरिस्तान के स्पांकई और घाजई इलाकों पर कब्जे का दावा किया है।
स्थानीय मीडिया की खबरों में कहा गया है कि दक्षिण वजीरिस्तान में तालिबान आतंकवादियों के कई ठिकानों पर पाकिस्तानी वायुसेना (पीएएफ) के लड़ाकू विमानों द्वारा की गई बमबारी में कम से कम 25 आतंकवादी मारे गए, वहीं पांच सैनिकों की भी मौत हो गई।
जियो टीवी ने खबर दी है कि इसी क्षेत्र में दो अलग-अलग आतंकवादी हमलों में दो सैनिकों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए। उल्लेखनीय है कि दक्षिणी वजीरिस्तान आतंकवादी संगठन तहरीक-ए- तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) का गढ़ है।
पीएएफ के विमानों ने दक्षिणी वजीरिस्तान के लाढा और सारवेकई इलाकों में बमबारी की। एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिणी वजीरिस्तान में 4,000 से 5,000 आतंकवादियों को घेर लिया गया है और यहां सुरक्षा बल तीन ओर से आगे बढ़ रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications