गोवा विस्फोट में 2 मरे, हिंदू संगठन पर आरोप (राउंडअप)
पुलिस ने बताया कि ये बम हिंदुओं के एक समारोह के लिए ले जाए जा रहे थे। हालांकि हिंदू संगठन सनातन संस्था ने इसका विरोध किया है।
स्कूटर में विस्फोट शुक्रवार रात लगभग 9.30 बजे मरगाव स्थित ग्रेस चर्च के समीप हुआ था। हालांकि पुलिस ने उसे हल्का विस्फोट बताया है, लेकिन विस्फोट के बाद स्कूटर में आग लग गई और वह धू-धू कर जलने लगा।
स्कूटर पर सवार दोनों व्यक्ति मालगोंदी पाटिल और योगेश नाइक बुरी तरह घायल हो कर सड़क पर गिर पड़े। पाटिल की लगभग मध्य रात्रि अस्पताल में मौत हो गई, जबकि नाइक ने शनिवार सुबह 9.30 बजे दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि दोनों कार्यकर्ता जिलेटिन की पांच छड़ें ले जा रहे थे। अधिकारियों का कहना है कि विस्फोटक किसी और जगह के लिए ले जाए जा रहे थे लेकिन सड़क पर जाम में फंस जाने के कारण देर हो गई और बम फट गया।
पुलिस अधीक्षक आत्माराम देशपांडे ने कहा कि विस्फोट के बाद रेड अलर्ट कर दिया गया है। उधर, राज्य केगृह मंत्री रवि नाइक ने कहा कि विस्फोट के लिए 'सनातन संस्था' नामक संगठन जिम्मेदार है। इस संबंध में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस ने जिन दो लोगों को शनिवार तड़के हिरासत में लिया है, उनकी पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। पुलिस अधीक्षक विश्राम बोरकर ने कहा कि सानकोले इलाके से पुलिस ने विस्फोटकों से भरे बैग को बरामद कर विस्फोट की साजिश को नकाम कर दिया है।
मरगाव में संवाददाताओं से बातचीत में गृह मंत्री नाइक ने कहा कि इस बात की पुष्टि हो गई है कि जिस वाहन में विस्फोटक रखा गया था वह कथित तौर पर 'सनातन संस्था' के सदस्य निसाद बाखले नाम के व्यक्ति का था।
बाखले को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। बोरकर ने कहा कि विस्फोट के बाद 'सनातन संस्था' के रामनाथी शहर स्थित मुख्यालय में पुलिस ने दबिश दी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications