दुनिया का सबसे संपन्न श्रीलंकाई अनधिकृत व्यापार के लिए गिरफ्तार
न्यूयार्क, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। गैलॉन समूह के संस्थापक श्रीलंकाई मूल के अरबपति राज राजारतनाम और शीर्ष अमेरिकी कंपनियों के भारतीय मूल के दो अमेरिकी कार्यकारी अधिकारियों सहित छह लोगों को अब तक के सबसे बड़े अनधिकृत व्यापार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। राजारतनाम को दुनिया के सबसे धनी श्रीलंकाई के रूप में माना जाता है।
न्यूयार्क के दक्षिणी जिले के संघीय लोक अभियोजक की ओर से दायर मामले के केंद्र में राजारतनाम, उनकी गैलॉन हेज फंड और हेज फंड न्यू कैस्टल के दो कार्यकारी हैं। इन लोगों पर दो करोड़ डॉलर के अनधिकृत व्यापार योजना में संलिप्त होने का आरोप है। संघीय लोक अभियोजकों ने इसे अब तक की सबसे बड़ी धोखाधड़ी करार दिया है।
आरोप के अनुसार इस योजना में इंटेल कैपिटल के राजीव गोयल, मैक्किं सी एंड कंपनी के अनिल कुमार, आईबीएम कॉर्प के रॉबर्ट मोफत भी शामिल हैं। इसके अलावा बीयर स्टर्न्स संपंत्ति प्रबंधन के दो पूर्व अधिकारियों, डेनियल चीसी और मार्क करलैंड को भी गिरफ्तार किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि गैलॉन के पास 7 अरब डॉलर से अधिक की बेनामी राशि है।
मैनहट्टन में भारतीय मूल के अमेरिकी अधिवक्ता प्रीत भरारा ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "यह कोई मामूली अनधिकृत व्यापार का मामला नहीं है।" भरारा ने कहा कि इस योजना के जरिए कुछ वर्षो के दौरान दो करोड़ डॉलर से भी अधिक अनधिकृत मुनाफा कमाया गया है।
भरारा ने कहा, "इस मामले को वाल स्ट्रीट तथा सभी हेज फंड प्रबंधकों को एक चेतावनी के रूप में लेना चाहिए।"
ज्ञात हो कि राजारतनाम का गैलॉन समूह दुनिया के सबसे बड़े हेज फंड में शुमार है। इसकी शाखाएं लंदन, सिंगापुर, मुंबई एवं कैलीफोर्निया के मेनलो पार्क में भी हैं।
फोर्ब्स मैगजीन ने 52 वर्षीय निवेशक राजारतनाम को इस वर्ष दुनिया के सबसे धनी लोगों में 559वें स्थान पर रखा था। उनके पास 1.3 अरब डॉलर संपत्ति आंकी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications