धनतेरस पर जमकर हुई सोने की बिक्री

मुंबई में बड़ी संख्या में लोगों ने त्यौहार के मौके पर सोने की खरीदारी की। मुंबई में गुरुवार को सोने का दाम 17 हजार प्रति दस ग्राम तक पहुंच गया। लोगों का विश्वास है कि धनतेरस के दिन सोना खरीदने से घर में सुख-समृद्धि आती है।
मलाड उपनगर में रहने वाली एक घरेलू महिला मीनाक्षी बायकर-कालबाते ने कहा, "सोना लक्ष्मी का प्रतीक है। अगर कीमतें इतनी अधिक नहीं होतीं तो हम कम से कम 10 ग्राम सोना खरीदते।" मीनाक्षी ने दो ग्राम सोना खरीदा।
पिछले साल मीनाक्षी ने अपने बेटे के लिए पांच ग्राम सोने की एक अंगूठी खरीदी थी। एक अग्रणी खुदरा विक्रेता दानाभाई ज्वैलर्स के मालिक अशोक मीनावाला ने बताया, "खरीदारों को संख्या हमारी उम्मीद से अधिक रही।"
धनतेरस के मौके पर सोने की खरीद को लेकर पूरे देश में लगभग ऐसा ही उत्साह नजर आया। कोलकाता में मारवाड़ी महिला समिति की पूर्व अध्यक्ष पुष्पा गोयनका ने कहा, " धनतेरस के मौके पर हम शाम को घर में नए कपड़े पहन कर पूजा करते हैं।"
उन्होंने बताया, " पूजा करने के बाद हम खरीदारी करने जाएंगे।"
दिल्ली में एक वित्तीय सेवा कंपनी में काम करने वाली 28 वर्षीय सोनिया शर्मा भी कुछ ऐसे ही उत्साह से भरी नजर आईं। उन्होंने कहा," मैंने 38,888 रुपये मूल्य का सोना खरीदा है। इतना सोना मैं हर साल खरीदती हूं।" लोगों में सोने की खरीदारी को लेकर उत्साह से विक्रेता काफी खुश नजर आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications