इंटरनेट के जरिये ठगी करने वाला नाईजीरियाई गिरफ्तार
यह गिरफ्तारी जबलपुर के संदेश जैन की शिकायत पर की गई। जैन ने साइबर अपराध शाखा में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके साथ लाटरी जीतने के नाम पर धोखाधड़ी की जा रही है। साइबर शाखा के महानिरीक्षक राजेंद्र मिश्रा के अनुसार ठगी की शिकायत के आधार पर फोन के कॉल डिटेल निकाले गए और शाखा का एक दल दिल्ली भेजा गया।
मिश्रा के अनुसार भोपाल से गए दल ने दिल्ली में कई ठिकानों पर दबिश दी तो उसके हाथ नाईजीरियाई युवक ईबो गॉड्सपावर लग गया। उसने ठगी की बात भी स्वीकार कर ली। आरोपी को भोपाल लाया गया है।
मिश्रा ने नाईजीरियाई युवक के पकड़े जाने का ब्यौरा देते हुए गुरुवार को बताया कि जैन ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 अगस्त को उनके मोबाइल पर एसएमएस आया कि उन्हें टेक्सोकॉम मोबाइल प्रामो द्वारा 750,000 पाउंड की लाटरी के लिए चुना गया है।
दुबई और मुंबई की कस्टम औपचारिकताओं की पूर्ति के लिए पहले दो लाख 25 हजार और बाद में दो लाख 40 हजार रुपये बताए गए एकाउंट में जमा करने को कहा गया। जैन ने दो लाख 30 हजार रुपये जमा भी करा दिए ।
यह मामला यहीं नहीं रुका और नाईजीरियाई युवक ने जैन से 10 लाख रुपये और जमा करने को कहा। ऐसा न करने पर इनाम के वापस लौट जाने की धमकी दी गई तब जैन ने इसकी शिकायत जबलपुर के लार्ड गंज थाने में दर्ज कराई।
साइबर अपराध शाखा ने कार्रवाई कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी के जरिए कई और मामलों का खुलासा हो सकेगा। पिछले दिनों मध्य प्रदेश के कटनी जिले में भी इसी तरह के दो ठग पकड़े गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications