गंगवानी और वर्मा के संग्रह पर भारतीय और फ्रांसीसी प्रभाव
मुंबई, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। 'एचडीआईएल काउचर वीक' में प्रस्तुत फैशन डिजाइनर मानव गंगवानी और सुनीत वर्मा के संग्रह ने देखने वालों का मन मोह लिया। गंगवानी के संग्रह पर भारतीयता की छाप थी तो वर्मा ने 1890-1914 के फ्रांसीसी फैशन पर आधारित वस्त्र तैयार किए थे।
गुरुवार को प्रदर्शित गंगवानी के संग्रह में हरे रंग का प्रभाव ज्यादा था। संग्रह में भारी कढ़ाई वाले लहंगा, चोली और अनारकली सूट शामिल थे।
गंगवानी ने कहा, "मेरा विश्वास है कि फैशन इंद्रियों से और एक महिला की आंतरिक भावनाओं से संबंधित होता है।"
वर्मा का संग्रह फ्रांसीसी फैशन के इतिहास से प्रेरित था। इसके लिए मंच का बैकग्राउंड इस तरह से बनाया गया था मानो पीछे कोई फ्रांसीसी इमारत खड़ी हो।
वर्मा ने आईएएनएस से कहा कि यह संग्रह उस काल को श्रद्धांजलि है जब फ्रांस में फैशन का उदय हो रहा था।
उन्होंने कहा, "फ्रांसीसी इतिहास का सुंदरतम काल 1890-1914 मेरी प्रेरणा बना था। यह वह समय था जब खूबसूरत वस्त्रों और ऐशो-आराम की वस्तुओं का उपभोग अपने चरम पर था।"
गंगवानी का संग्रह प्रस्तुत करने के लिए अभिनेता जायद खान और अभिनेत्री श्रुति हसन रैम्प पर उतरे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications