अमेरिका-भारत के प्रगाढ़ संबंधों में गांधी जी की अहम भूमिका : अमेरिका (लीड-1)
वाशिंगटन, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी कांग्रेस ने कहा है कि अमेरिका और भारत के बीच प्रगाढ़ मैत्री संबंधों में महात्मा गांधी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स में गुरुवार को पारित एक प्रस्ताव में कहा गया कि गांधी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही अमेरिका और भारत के बीच मैत्री संबंधों में तेजी से प्रगाढ़ता आ रही है और वह हमेशा प्रासंगिक बने रहेंगे।
हाउस ऑफ रिप्रजेंटेटिव्स के डेमोक्रेट सदस्य एनी फेलेमावेगा ने गांधीजी के संबंध में प्रस्ताव रखा, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति पारित करते हुए कहा कि गांधी जी हमेशा प्रासंगिक रहेंगे। यह प्रस्ताव महात्मा गांधी की 140वीं जयंती के मद्देनजर पारित किया गया।
एनी ने कहा, "गांधी जी के महान कार्यो के बारे में पहले ही काफी कुछ कहा जा चुका है। उनका जीवन काफी महत्वपूर्ण रहा है, हम उन्हें भूल नहीं सकते। विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र भारत और सबसे पुराने लोकतंत्र अमेरिका के बीच आज जो संबंध हैं, उसे गांधी के बिना हम नहीं देख सकते हैं।"
एनी ने कहा, "भले ही उनकी जिंदगी बंदूक की गोली से खत्म हो गई लेकिन उनकी विरासत अभी भी 1.5 अरब लोगों के पास है, जो भारतीय उपमहाद्वीप के स्वतंत्र देशों में रह रहे हैं।" उन्होंने कहा कि भारत में ब्रिटिश राज्य की समाप्ति के लिए गांधी जी का अांदोलन प्रेरणादायी था।
एनी ने कहा कि अमेरिका का नागरिक अधिकार आंदोलन भी गांधी जी के विचारों से प्रेरित है। रिपब्लिकन सदस्य इलेना रोज लेहथिन ने कहा कि गांधी जी अहिंसा में विश्वास करते थे। इलेना ने कहा कि उनके इस विचार का अनुसरण विश्व के कई बड़े नेताओं ने किया।
इलेना ने कहा कि गांधी जी ने कई सवाल उठाए थे और उनके कई सवालों का आज भी जवाब नहीं निकल सका है, इसी वजह से वह हमेशा प्रासंगिक बने रहेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications