खत्म हुआ मंदी का बुरा दौर : गूगल
वाशिंगटन, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। दुनिया के सबसे बड़े सर्च इंजन गूगन ने कहा है कि मंदी का सबसे बुरा दौर बीत चुका है। गूगल ने तिमाही मुनाफे और बिक्री में वृद्धि दर्ज की है।
गूगल के मुख्य कार्यकारी एरिक श्मिट ने निवेशकों से बातचीत के दौरान कहा, "आर्थिक परिस्थतियां बेहद कठिन होने के बावजूद इस तिमाही में गूगल के राजस्व में सात फीसदी वृद्धि हुई है।"
उन्होंने कहा, "जहां एक ओर आर्थिक परिदृश्य में सुधार की गति के बारे में अनिश्चितता बनी हुई है, हमारा मानना है कि मंदी का बुरा बीत चुका है और हमे भविष्य में निवेश करने को लेकर आशंकित होने के बजाए सकारात्मक रूख अपनाना चाहिए।"
इस तिमाही में गूगल की बिक्री सात फीसदी बढ़ कर 5.94 अरब डॉलर हो गई है जबकि समान अवधि में गूगल का राजस्व 4.38 अरब डॉलर रहा है। विश्लेषकों ने गूगल का राजस्व 4.24 अरब डॉलर रहने का अनुमान लगाया था।
गूगल की बिक्री का ज्यादातर हिस्सा ऑनलाइन विज्ञापन से आता है। ऑनलाइन विज्ञापन का बाजार पिछले साल से बुरे दौर से गुजर रहा है।
एरिक ने कहा," हमारे नजरिए से यह अच्छी खबर है। मुश्किल दौर में शानदार प्रदर्शन करने के लिए मुझे अपने प्रबंधन पर गर्व है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications