लाहौर में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर आतंकवादी हमले (लीड-3)
लाहौर में पुलिस की वर्दी में आतंकवादियों ने संघीय खुफिया एजेंसी (एफआईए) भवन, मनावां पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और विशेष सुरक्षा बल 'इलीट फोर्स' मुख्यालय को अपना निशाना बनाया। मनावां पुलिस प्रशिक्षण केंद्र भारत-पाक सीमा से काफी करीब स्थित है।
लाहौर के पुलिस आयुक्त खुसरो परवेज ने 'डॉन न्यूज' को बताया कि आतंकवादियों ने 'अलग-अलग दिशाओं में हमला' किया। उन्होंने कहा कि एफआईए भवन में हुए हमले में सात लोगों की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। मृतकों में दो आतंकवादी भी शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परवेज ने कहा, "एफआईए भवन को खाली करवा लिया गया है।"
परवेज ने कहा कि आतंकवादियों ने लाहौर के बाहरी इलाके में स्थित मनावां पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और विशेष सुरक्षा बल 'इलीट फोर्स' के मुख्यालय को भी अपना निशाना बनाया।
'इलीट फोर्स' के मुख्यालय में 10 की संख्या में आतंकवादी पहुंचे थे, जिसमें तीन महिला थीं। इन सभी ने मुख्यालय में प्रवेश करते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। विस्फोट के बाद पुलिस, पंजाब रेंजर और सेना ने मुख्यालय के बाहर मोर्चा संभाल लिया।
उधर, पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के कोहाट जिले के पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार को उड़ा दिया। पुलिस प्रवक्ता फजल नईम ने कहा, "प्रारंभिक जांच के अनुसार यह एक आत्मघाती हमला था।"
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में इन दिनों लगातार विस्फोट हो रहे हैं। पिछले शुक्रवार को पेशावर में हुए आत्मघाती हमले में 53 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए थे। शनिवार को आतंकवादियों ने रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय पर हमला किया था, जिसमें 19 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications