आतंकी संगठनों से संबंध के आरोप में बरेली में एक गिरफ्तार
बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक एन.के. श्रीवास्तव ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि आतंकी संगठन हूजी से कथित तौर पर संबंध रखने वाले चांद मोहम्मद (40) को बरेली जिले के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के कर्मचारी नगर इलाके में स्थित काठवाड़ी मजार के पास से बुधवार देर रात गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए व्यक्ति के पास से एक पिस्टल, कारतूस और 3 इंप्रोवाज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) जब्त की गई है।
श्रीवास्तव के मुताबिक चांद के पास से कई पर्चे भी बरामद किए गए हैं, जिनमें 'ओसामा बिन लादेन जिंदाबाद' के साथ-साथ 'इस्लाम विरोधी सरकारों के खिलाफ जंग जारी रहेगी' लिखा है।
श्रीवास्तव ने कहा कि पकड़ा गया व्यक्ति बरेली के प्रेमनगर इलाके का रहने वाला है। बरेली पुलिस उससे गुप्तचर विभाग, आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) और विशेष कार्रवाई दस्ता (एसटीएफ) के अधिकारियों के साथ विस्तृत पूछताछ कर रही है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications