बम विस्फोटों से दहल उठा पाकिस्तान, 36 मरे (राउंडअप)

आतंकवादियों ने सबसे पहले पश्चिमोत्तर के कोहाट जिले के एक पुलिस स्टेशन पर हमला किया। इसके बाद लाहौर में तीन सुरक्षा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया। लाहौर हमले की जिम्मेदारी आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने ली है।

लाहौर में पुलिस की वर्दी में आतंकवादियों ने संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) भवन, मनावां पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और विशेष सुरक्षा बल 'एलीट फोर्स' के बेदियां प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया। इन हमलों में 10 आतंकवादियों सहित कम से कम 25 लोग मारे गए।

हमले के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने एफआईए और एक प्रशिक्षण केंद्र पर नियंत्रण स्थापित कर लिया था लेकिन विशेष सुरक्षा बल 'एलीट फोर्स' के साथ बेदियां प्रशिक्षण केंद्र पर आतंकवादियों के साथ चार घंटे तक गोलीबारी चली। इस दौरान सेना के हेलीकॉप्टर आसमान में मंडराते रहे।

सैन्य अधिकारी मेजर जनरल शफाकत अहमद ने संवाददाताओं से कहा, "स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आतंकवादियों ने किसी को भी बंधक नहीं बनाया है।" अहमद ने कहा कि बेदियां में सुरक्षा बलों ने पांच आतंकवादियों को मार गिराया लेकिन उन्होंने हताहत पुलिसकर्मियों की संख्या नहीं बताई।

चीन दौरे पर गए प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने इस घटना पर चिंता जाहिर की।

लाहौर के टेंपल रोड पर स्थित एफआईए भवन पर हमले में एक आतंकवादी और दो पुलिसकर्मियों सहित छह लोग मारे गए।

मनावां पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हमले में पांच पुलिसकर्मी और चार नागरिक मारे गए। यहां सुरक्षाबलों की कार्रवाई में तीन आतंकवादियों की मौत हुई। यह प्रशिक्षण केंद्र भारत-पाक सीमा से केवल 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। बेदियां प्रशिक्षण केंद्र पर हमले में एक पुलिसकर्मी और पांच आतंकवादी मारे गए।

'डॉन न्यूज' ने लाहौर के पुलिस आयुक्त खुसरो परवेज के हवाले से जानकारी दी है कि आतंकवादियों ने अलग-अलग दिशाओं में हमला किया।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परवेज ने कहा, "एफआईए भवन को खाली करवा लिया गया है।"

बेदियां प्रशिक्षण केंद्र में 10 की संख्या में आतंकवादी पहुंचे थे, जिसमें तीन महिलाएं थीं। इन सभी ने केंद्र में प्रवेश करते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। विस्फोट के बाद पुलिस, पंजाब रेंजर और सेना ने मोर्चा संभाल लिया।

पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज इंटरनेशनल' ने कहा है कि आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने लाहौर में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है।

उधर, पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के कोहाट जिले में एक पुलिस स्टेशन पर हमला करते हुए आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार को उड़ा दिया।

पुलिस प्रवक्ता फजल नईम ने कहा, "प्रारंभिक जांच के अनुसार यह एक आत्मघाती हमला था, जिसमें 10 लोग मारे गए और 20 से अधिक घायल हो गए।" समाचारपत्र डॉन के मुताबिक मरने वालों में कुछ स्कूली बच्चे भी शामिल हैं।

नईम ने कहा कि अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि मृतकों में कितने पुलिसकर्मी शामिल हैं।

पश्चिमोत्तर प्रांत के पेशावर शहर मेंगुरुवार शाम को एक कार बम विस्फोट में एक छह वर्षीय बच्चे की मौत हो गई तथा 10 अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस प्रमुख लियाकत अली ने कहा कि कोहाट इलाके में विस्फोटकों से लदी एक कार को आतंकवादियों ने रिमोट कंट्रोल के जरिए उड़ा दिया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक बम विस्फोट की यह घटना पेशावर में गुलशन रहमान कॉलोनी के नजदीक हुई। यह कॉलोनी सरकारी कर्मचारियों का रिहायशी इलाका है।

पुलिस ने बताया कि इस विस्फोट में एक तीन मंजिली इमारत ध्वस्त हो गई।

उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में इन दिनों लगातार विस्फोट हो रहे हैं। पिछले शुक्रवार को पेशावर में हुए आत्मघाती हमले में 53 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए थे। शनिवार को आतंकवादियों ने रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय पर हमला किया था, जिसमें 19 लोग मारे गए थे।

पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर इस वर्ष यह दूसरा हमला किया गया। इससे पहले 30 मार्च को हमला किया गया था जिसमें कई पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। पिछले 10 दिनों में लगातार हुए हमलों में 100 अधिक लोग अपनी जानें गंवा चुके हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+