बीडीओ को ग्रामीणों ने बंधक बनाकर पीटा
राज्य के बहराइच जिले के महसी गांव में बुधवार को यह घटना हुई। मनरेगा के तहत हुए कार्य के भुगतान में देरी से नाराज ग्रामीणों ने बीडीओ मोहन लाल पटेल को बंधक बनाकर पीटा।
बीडीओ का आरोप है कि ग्रामीणों ने उन्हें दो घंटे तक बंधक बनाकर रखा। इस दौरान उनकी पिटाई कर कपड़े फाड़ दिए गए और शरीर में गोबर पोतकर अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया। बीडीओ ने हरदी थाने में ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
जिले के हरदी थाना-प्रभारी ब्रज किशोर यादव ने गुरुवार को संवाददाताओं को बताया, "बीडीओ की शिकायत पर 10 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद और 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।"
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम मोहनलाल पटेल मनरेगा के तहत हो रहे काम का मुआयना करने महसी गांव गए थे। इस दौरान वहां मनरेगा के तहत काम करने वाले ग्रामीणों ने कहा कि उन्हें पिछले 15 दिन से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। इस मामले पर उनके द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर ग्रामीणों से उनकी बहस हो गई और फिर उन्हें बंधक बना लिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications