मंत्रोच्चारण के साथ ओबामा ने व्हाइट हाउस में मनाई दीवाली (लीड-1)
वाशिंगटन, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच व्हाइट हाउस में दीप जलाकर दीवाली मनाई और इस तरह वह रोशनी के इस महापर्व की व्यक्तिगत तौर पर शुभकामना देने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बन गए।
दीवाली के उपलक्ष्य में व्हाइट हाउस में आयोजित एक समारोह में ओबामा ने दीप जलाया और सभी को दीवाली की बधाई दी। उन्होंने कहा, "आने वाले शनिवार को अमेरिका और दुनिया भर में हिंदू, जैन, सिख और बौध धर्म को मानने वाले लोग दीया जलाकर इस पर्व को मनाएंगे। यह अंधकार पर प्रकाश एवं उपेक्षा पर ज्ञान के विजय का पर्व है।"
भारतीय परंपरा के अनुरूप ओबामा ने मंत्रोच्चार के बीच दीप जलाया। इसके बाद उन्होंने वहां मंत्रोच्चार करने वाले पुजारी से हाथ मिलाया और प्रणाम भी किया। समारोह से विदाई लेने से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति के मुख से 'हैप्पी दीवाली' और 'साल मुबारक' जैसे अल्फाजों का निकलना वहां मौजूद भारतीयों के लिए वाकई एक सुखद अहसास जैसा था।
समारोह के दौरान एक पत्रकार ने ओबामा से कहा, "दीवाली समारोह में शिरकत करने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बनने पर आपका धन्यवाद।" इस पर ओबामा ने पलटकर पूछा, "वाह, क्या ऐसा भी है?"
व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में भारतीय और एशियाई लोग मौजूद थे। भारत के वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा और वाशिंगटन में भारतीय राजदूत मीरा शंकर सहित कई विशिष्ठ लोगों ने भी इस समारोह में शिरकत किया।
अमेरिकी इतिहास में यह पहला मौका था जब यहां कोई राष्ट्रपति दीवाली के समारोह में खुद मौजूद रहा हो और दीप जलाया हो। पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने व्हाइट हाउस में दीवाली मनाने का चलन आरंभ किया था, हालांकि इससे जुड़े समारोह में वह कभी भी उपस्थित नहीं हुए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications