गढ़चिरौली में पुनर्मतदान, नक्सलियों ने की फिर गोलीबारी (लीड-1)
जिले के उन 22 मतदान केंद्रों पर गुरुवार को फिर से मतदान हो रहा है जहां सुरक्षा कारणों से निर्वाचन आयोग के कर्मचारियों के समय पर मतदान केंद्रों तक न पहुंच पाने की वजह से मंगलवार को मतदान स्थगित कर दिया गया था।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एम. के. शर्मा ने आईएएनएस को बताया कि अहेरी विधानसभा के कोटनी गांव में नक्सलियों ने मतदान बाधित करने और मतदाताओं को भयभीत करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, "जवाबी कार्रवाई में सुरक्षा बलों की ओर से भी गोलियां चलाई गई। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीाबारी होती रही। इसके बाद नक्सली फरार हो गए। अब यहां की स्थिति नियंत्रण में है और मतदान जारी है।"
शर्मा ने बताया कि पुलिस के अलावा अर्धसैनिक बलों तथा अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों की भी पर्याप्त संख्या में तैनाती की गई है। इसके साथ ही लगातार हवाई सर्वेक्षण भी किया जा रहा है।
ज्ञात हो कि इन मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से ही मतदान आरंभ हो गया था। मतदान तीन बजे तक चलेगा।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक अहेरी विधानसभा के 13, अरमोरी विधानसभा के सात और गढ़चिरौली विधानसभा क्षेत्र के दो मतदान केंद्रों पर आज मतदान हो रहा है। इन सभी केंद्रों पर मंगलवार को मतदान स्थगित कर दिया गया था।
गत मंगलवार को महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों के लिए मतदान हुआ था। नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में मतदान से पहले गोलीबारी भी हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications