पाकिस्तान में चार जगह आतंकवादी हमले, 35 मरे (लीड-4)
लाहौर में पुलिस की वर्दी में आतंकवादियों ने संघीय जांच एजेंसी (एफआईए) भवन, मनावन पुलिस प्रशिक्षण केंद्र और विशेष सुरक्षा बल 'एलीट फोर्स' के बेदियां प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया। इन हमलों में नौ आतंकवादियों सहित कम से कम 25 लोग मारे गए।
पाकिस्तान समाचार पत्र 'द न्यूज' के मुताबिक लाहौर के टेंपल रोड पर स्थित एफआईए भवन पर हमले में एक आतंकवादी और दो पुलिसकर्मियों सहित छह लोग मारे गए।
मनावन पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हमले में पांच पुलिसकर्मी और चार नागरिक मारे गए। यहां सुरक्षाबलों की कार्रवाई में तीन आतंकवादियों मौत हुई। यह प्रशिक्षण केंद्र भारत-पाक सीमा से केवल 12 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
समाचारपत्र के मुताबिक बेदियां प्रशिक्षण केंद्र पर हमले में एक पुलिसकर्मी और पांच आतंकवादी मारे गए।
'डॉन न्यूज' ने लाहौर के पुलिस आयुक्त खुसरो परवेज के हवाले से जानकारी दी है कि आतंकवादियों ने 'अलग-अलग दिशाओं में हमला' किया।
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार एक आतंकवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है। परवेज ने कहा, "एफआईए भवन को खाली करवा लिया गया है।"
बेदियां प्रशिक्षण केंद्र में 10 की संख्या में आतंकवादी पहुंचे थे, जिसमें तीन महिलाएं थीं। इन सभी ने केंद्र में प्रवेश करते ही अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। विस्फोट के बाद पुलिस, पंजाब रेंजर और सेना ने मोर्चा संभाल लिया।
पाकिस्तानी समाचार पत्र 'द न्यूज इंटरनेशनल' ने कहा है कि आतंकवादी संगठन तहरीक-ए-तालिबान ने लाहौर में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर हुए हमले की जिम्मेदारी ली है।
उधर, पश्चिमोत्तर पाकिस्तान के कोहाट जिले में एक पुलिस स्टेशन पर हमला करते हुए आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरी कार को उड़ा दिया।
पुलिस प्रवक्ता फजल नईम ने कहा, "प्रारंभिक जांच के अनुसार यह एक आत्मघाती हमला था, जिसमें 10 लोग मारे गए और 20 से अधिक घायल हो गए।" समाचारपत्र डॉन के मुताबिक मरने वालों में कुछ स्कूली बच्चे शामिल हैं।
नईम ने कहा कि अभी यह नहीं कहा जा सकता है कि मृतकों में कितने पुलिसकर्मी शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान में इन दिनों लगातार विस्फोट हो रहे हैं। पिछले शुक्रवार को पेशावर में हुए आत्मघाती हमले में 53 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए थे। शनिवार को आतंकवादियों ने रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय पर हमला किया था, जिसमें 19 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications