बाप इंस्पेक्टर तो थाने पर बेटे का राज
मेरठ के गंगानगर के इलौची थाने के प्रभारी बृजपाल यादव का बेटा राहुल अपने साथियों के साथ इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एण्ड टेक्नोलॉजी के छात्र संदीप सिन्हा को लेकर थाने पहुंचा। असल में ये लोग जबरन संदीप को अपनी गाड़ी में बिठाकर उसे थाने लाए थे।
बेहोश संदीप को सड़क पर फेंका
यहां पहुंचकर राहुल ने संदीप की थाने में जमकर पिटाई की। पुलिसकर्मी खड़े तमाश देखते रहे और संदीप रोता-बिलखता रहा। जब संदीप बेहोश हो गया तो उसी हालत में राहुल उसे गाड़ी में बिठाकर ले गया और संदीप को शहर के दीप होटल के पास सड़क पर फेंककर फरार हो गया।
घायल संदीप को लोगों ने जब अस्पताल में भर्ती कराया गया तो होश आने पर उसने अपनी आप बीती बयां की। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। मेरठ पुलिस ने मामले में राहुल और उसके दोस्त संदीप, सचिन चौधरी और बाबिन चौधरी को आरोपी बनाया है और उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरे राज्यों के छात्रों का उत्पीड़न
मेरठ के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शरद सचान के मुताबिक तीनों युवकों की गिरफ्तारी के लिए संदिग्ध स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने खुद माना कि उन्हें इस बात की भी जानकारी मिली है कि दरोगा का बेटा राहुल पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से इस घटना में शामिल था। घटना की जांच की जा रही है। पुलिस उपाधीक्षक मसाराम गौतम मामले की जांच कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संदीप ने अपने बयान में कहा कि राहुल व उसके दोस्त कॉलेज में पढ़ने वाले दूसरे राज्यों के छात्रों से शाम होते ही शराब व होटल में खाना खिलाने का दबाव बनाते हैं, मना करने पर शारीरिक व मानसिक उत्पीड़न करते हैं। उनसे वसूली भी करते हैं। पीड़ित का आरोप है कि राहुल व उसके साथियों ने कमरे में बाइक के लिए रखे 50 हजार रुपये भी छीन लिए। संदीप बिहार के छपरा जिले का रहने वाला है।













Click it and Unblock the Notifications