तीनों राज्यों में मतदान संपन्नः कांग्रेस आगे

स्टार न्यूज-नीलसन एक्जिट पोल और आईबीएन-लोकमत एक्जिट पोल, दोनों ने 288 सीटों वाली महाराष्ट्र विधानसभा में खंडित जनादेश की बात कही है। लेकिन कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) गठबंधन को सबसे आगे बताया है। स्टार न्यूज ने कहा है कि कांग्रेस-राकांपा गठबंधन 137 सीटों तक सिमट जाएगा, जबकि आईबीएन-लोकमत के अनुसार सत्ताधारी गठबंधन 135-145 सीटें हासिल करेगा। विधानसभा की 288 सीटों के बीच बहुमत के लिए 145 सीटें होना जरूरी है।
मनसे से गठबंधन नहीं
आईबीएन-लोकमत एक्जिट पोल में शिव सेना-भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गठबंधन को 105-115 सीटें मिलने की बात कही गई है। स्टार न्यूज ने शिवसेना के लिए 62 और भाजपा के लिए 51 सीटें निर्धारित की है। त्रिशंकु विधानसभा की संभावना के बाद भी कांग्रेस ने सरकार बनाने के लिए महाराष्ट्र नव निर्माण सेना (मनसे) से हाथ मिलाने से इंकार कर दिया है।
पार्टी महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा, "राज ठाकरे के साथ न तो हमारा वर्तमान में कोई गठबंधन है न अतीत में कोई गठबंधन था और न भविष्य में ही कोई गठबंधन होगा।" विपक्ष में बिखराव के कारण हरियाणा में और अरूणाचल प्रदेश में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित बताई गई है।
स्टार न्यूज ने कहा है कि कांग्रेस 90 सदस्यीय हरियाणा विधानसभा में 57 सीटें जीत कर सरकार बनाएगी। चुनाव आयोग ने कहा है कि तीनों राज्यों के लगभग नौ करोड़ मतदाताओं में से 66 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया। महाराष्ट्र में 60 प्रतिशत, हरियाणा में 69 प्रतिशत और अरूणाचल प्रदेश में 72 प्रतिशत मतदान हुआ है।
दो गुटों में झड़प
मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने कहा कि हरियाणा के कैथल में दो पोलिंग एजेंटों के बीच झड़प हो गई जिसमें से एक को सीने में दर्द की शिकायत हुई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि हरियाणा के ही रेवाड़ी में मतदान करने जा रहे एक बुजुर्ग व्यक्ति के सीने में तेज दर्द के बाद उसकी मौत हो गई।
उन्होंने कहा कि एक अन्य घटना में दो गुटों में झड़प में एक व्यक्ति घायल हो गया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। चावला ने कहा कि पलवल में कुछ लोगों ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों पर पथराव किया। इस दौरान एक जवान का राइफल भी छीन लिया गया जो बाद में मिल गया।
तीन राज्यों में हुआ चुनाव कमोबेश शांतिपूर्ण रहा। नई सरकार के गठन के लिए महाराष्ट्र की 288, हरियाणा की 90 और अरूणाचल प्रदेश की 60 में से 57 सीटों के लिए मंगलवार को मतदान हुआ। इसके साथ ही तीनों राज्यों के मतदाताओं ने कुल 4938 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में बंद कर दिया। ज्ञात हो कि अरुणाचल की तीन सीटों पर पहले ही निर्विरोध चुनाव संपन्न हो चुका है।
महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली जिले में सुबह मतदान आरंभ होने से पहले हुई नक्सली गोलीबारी के भय से दो विधानसभा क्षेत्रों के 11 मतदान केंद्रों पर लोग मतदान को नहीं निकले। महाराष्ट्र में ठाकरे परिवार की तीन पीढ़ियों- शिव सेना प्रमुख बाल ठाकरे, उनके बेटे उद्धव ठाकरे और पोते आदित्य ठाकरे ने मतदान किया। ठाकरे सुबह 10.15 बजे बांद्रा स्थित अपने घर 'मातोश्री' से बाहर निकले और उन्होंने खेरवाड़ी मतदान केंद्र पर वोट डाला।
ठाकरे के भतीजे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे और उनकी पत्नी शर्मिला ने दादर स्थित शिवाजी पार्क के एक मतदान केंद्र पर मतदान किया।
महाराष्ट्र के राज्यपाल एस. सी. जमीर, उद्योगपति अनिल अंबानी एवं आदि गोदरेज, मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, अभिनेता राहुल बोस और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सुबह मतदान करने वालों में शामिल रहे। राज्यपाल ने दक्षिणी मुंबई में राजभवन में बने मतदान केंद्र पर मत डाला। अंबानी ने कोलाबा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री चव्हाण ने नांदेड़ में मत डाला।
इनके अलावा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार, केंद्रीय मंत्री सुशील कुमार शिंदे, सांसद मिलिन्द देवड़ा, अभिनेता सलमान खान, पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी संदीप पाटिल, अभिनेत्री नगमा और प्रियंका चोपड़ा सहित अन्य जानी मानी हस्तियों ने भी अपने-अपने मत डाले। गढ़चिरौली में मतदान को लेकर एक अधिकारी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "पुष्ट जानकारी के मुताबिक दोपहर दो बजे तक अहेरी और अरमोरी विधानसभा क्षेत्रों के 11 मतदान केंद्रों पर मतदान आरंभ नहीं हुआ था।"
उल्लेखनीय है कि नक्सलियों ने मंगलवार सुबह गढ़चिरौली के दो क्षेत्रों में गोलीबारी की थी। गोलीबारी की पहली घटना अहेरी के निकट हुई। इसके बाद तकरीबन 9.30 बजे नक्सलियों ने जिले के बोंधाई गांव में भी गोलीबारी की। हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए हुए मतदान में राज्य के 1.31 करोड़ मतदाताओं में से 69 फीसदी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
हुड्डा ने किया मतदान
मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने रोहतक जिले में अपने पुश्तैनी गांव सांघी में अपनी मां के साथ मतदान किया। मुख्यमंत्री मतदान केंद्र पर अपनी मां हरदेई देवी के साथ पहुंचे। उनके साथ पत्नी आशा हुड्डा, सांसद पुत्र दीपेंदर हुड्डा और कुछ अन्य संबंधियों ने भी अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। हुड्डा रोहतक जिले की गढ़ी सांपला-किलोई विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में हैं।
अरूणाचल प्रदेश की 57 सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच शांतिपूर्ण मतदान हुआ। प्रदेश के 72 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के निर्विरोध चुन लिए जाने की वजह से यहां की 57 सीटों पर मतदान हुआ। खांडू तवांग जिले की मुक्तो सीट से वर्ष 1999 और 2004 में भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications