पाक में बसे सोढ़ा राजपूतों की वीजा अवधि बढ़ी
राज्यपाल को पाकिस्तान के उमरकोट में रह रहे हमीर सिंह सोढ़ा ने 49 लोगों के नाम, पिता का नाम, परिचय क्रमांक, तहसील एवं जिले सहित एक सूची के साथ पत्र भेजकर इस संबंध में आग्रह किया था। पद्मश्री से अलंकृत लक्ष्मी कुमारी चूंडावत ने भी इस समस्या के बारे में राज्यपाल को पत्र लिखा था।
पत्र में सोढ़ा राजपूतों के बच्चों की शादी नहीं होने की व्यथा व्यक्त की गई। ज्ञापन में बताया गया है कि सोढ़ा राजपूतों की हिन्दुस्तान में अपने बच्चों की शादी करना मजबूरी है।
राज्यपाल के आग्रह पर राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने सोढ़ा राजपूतों की इस समस्या के निवारण में दिलचस्पी ली। राष्ट्रपति ने गृह एवं विदेश मंत्रालय को वर-वधू की तलाश के लिए आने वाले सोढ़ा राजपूत परिवारों के लिए वीजा नियमों में सरलीकरण की सिफारिश की।
राज्यपाल ने विदेश मंत्रालय को इसके बारे में विस्तृत जानकारी से अवगत कराया और एक माह की अल्प अवधि की समस्या के बारे में बताया। सिंह ने अपने पत्र में लिखा कि पाकिस्तान में सोढ़ा राजपूत एक ही गोत्र के हैं। इसलिए वे वहां अपने लड़के या लड़की की शादी नहीं कर सकते। विवाह सम्बन्धों के लिए राजस्थान में आना उनकी सामाजिक मजबूरी एवं जिम्मेदारी है।
अब जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर के जिला मजिस्ट्रेट पाकिस्तान से अपने बच्चों के लिए वर-वधू की तलाश और उनकी शादी के लिए आने वाले सोढ़ा राजपूत परिवारों की वीजा अवधि छह माह तक बढ़ा सकेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications