हिमाचल को बंदरों के आतंक से निजात दिलाएगा केंद्र
मुख्यमंत्री प्रो़ प्रेम कुमार धूमल ने यह जानकारी केन्द्रीय मंत्रालय से इस संबंध में प्राप्त स्वीकृति के उपरांत आज यहां दी। धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य में बढ़ती वानर संख्या को नियंत्रित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आरंभ किए हैं क्योंकि बंदरों के बढ़ते उत्पात से किसानों की फसलों को भारी नुकसान हो रहा है।
उन्होंने कहा कि किसान समुदायों के विभिन्न संगठनों ने बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए उनसे सम्पर्क किया है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों की फसलों को बंदरों से बचाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों की इस समस्या को ध्यान में रखते हुए प्रदेश सरकार ने एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित कर, प्रभावितों को राहत पहुंचाने के संबंध में विचार-विमर्श किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बंदरों को प्राकृतिक वास में रखने के उद्देश्य से शिमला के तारादेवी में वानर संरक्षण पार्क विकसित किया गया है तथा शिमला, हमीरपुर तथा ऊना जिलों में भी वानर नसबंदी केन्द्र स्थापित किए गए हैं, ताकि बंदरों की संख्या को नियंत्रित किया जा सके।
प्रो़ धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बंदरों के आतंक को समाप्त करने के लिए राज्य में चलाई जा रही योजनाओं के वित्त पोषण का मामला केंद्र सरकार के साथ उठाया था। इस संबंध में प्रदेश सरकार ने विभिन्न उच्च स्तरीय बैठकें आयोजित कर केन्द्र सरकार को राज्य की जायज़ समस्या के प्रति अवगत करवाया गया।
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने टूटीकण्डी केन्द्र को राष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण केन्द्र के रूप में स्तरोन्नत करने को सहमति व्यक्त की है, जिसका पूरा खर्च केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
प्रदेश में वानर नसबंदी के कार्य में विकसित विशेषज्ञता को ध्यान में रखते हुए ऊना में 1़ 90 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जा रहे वानर नसबंदी केन्द्र व बंदरों के प्राकृतिक वास क्षेत्र के लिए अनुसंधान परियोजना को केन्द्र द्वारा वित्तपोषित किया जाएगा।
इस परियोजना के तहत बंदरों की गणना का कार्य किया जाएगा, ताकि बंदरों की समस्या से निजात पाने के लिए कोई उपयुक्त रणनीति अपनाई जा सके। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार ने स्थानीय लोगों की आवश्यकता अनुसार राज्य में अतिरिक्त वानर संरक्षण पार्क स्थापित करने के लिए वित्तपोषण की भी सहमति व्यक्त की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications