मध्य प्रदेश को विकास के लिए शिल्पकार की जरूरत : सिंधिया
भोपाल प्रवास पर आए सिंधिया ने बुधवार को संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश में इंवेस्टर्स मीट हो रही हैं, सरकार और उ़द्योगपतियों के बीच समझौते (एमओयू) हो रहे हैं, मगर निवेश नहीं हो रहा है। प्रदेश में औद्योगिक विकास ठप पड़ा है। पिछले पांच साल से कोई निवेश नहीं हुआ है।
सिंधिया ने एक सवाल के जवाब में कहा कि जमाना बदल गया है। पहले उद्योगपति सरकारों के पीछे भागते थे अब सरकारें उद्योगपतियों के पीछे भाग रहीं हैं। उन्हें सुविधाएं देनी होंगीं। इन स्थितियों में सिर्फ इन्वेस्टर्स मीट से कुछ नहीं होगा।
उन्होंने ग्वालियर के डबरा क्षेत्र में स्थापित होने वाले स्टील ऑथारिटी आफ इंडिया के संयंत्र का जिक्र करते हुए कहा कि शिलान्यास होने के एक साल बाद भी संयंत्र तक पहुंचने के लिए सड़क तक नहीं बन पाई है। इतना ही नहीं बिजली भी नहीं मिल रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्रालय द्वारा अनेक योजनाएं मंजूर की गई है। उन्होंने बताया कि दिल्ली मुम्बई औद्योगिक कॉरीडोर की शुरुआत हुई है। इसके तहत धार, रतलाम, शाजापुर और नीमच में विशेष योजनाएं अमल में लाई जाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications