मप्र के पंचायत सचिव,अध्यापक और जूनियर डॉक्टरों को दीपावली का तोहफा
भोपाल,14 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश सरकार ने पंचायत सचिव, स्थानीय निकाय तथा पंचायत के अध्यापकों के महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत का इजाफा करने और जूनियर डॉक्टरों के मानदेय में बढ़ोत्तरी करने सहित कई निर्णय लेकर उन्हें दीपावली का तोहफा दिया है।
राज्य मंत्रिमंडल की बैठक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। इस बैठक में पंचायती राज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में कार्यरत अध्यापक तथा सचिवों के मूल वेतन के चार प्रतिशत के बराबर महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया गया है। इस बढोत्तरी का लाभ एक जुलाई, 2009 से मिलेगा। वहीं जूनियर डॉक्टरों के मानदेय में दो से सात हजार तक का इजाफा कर किया गया है।
सरकार ने निम्न आय वर्ग के मेधावी बच्चों को बैंक से उच्च शिक्षा के लिए कर्ज हासिल करने में आने वाली कठिनाई से बचाने के लिए उच्च शिक्षा गारंटी योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत कर्ज की गारंटी राज्य सरकार लेगी। इस योजना का लाभ उन मेधावी छात्रों को मिलेगा जिनके परिवार की वार्षिक आय तीन लाख से अधिक न हो।
इसी तरह गरीब,कमजोर वर्ग और किसानों को बिजली दर के भार से बचाने के लिए 1,358 करोड़ की सब्सिडी मंजूर की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications