पाकिस्तान पर तालिबान का नियंत्रण अमेरिका-भारत में तबाही मचा देगा : वाशिंगटन पोस्ट
वाश्िंागटन, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। अमेरिका के प्रमुख अखबार 'वाशिंगटन पोस्ट' ने चेताया है कि आतंकवादी संगठन तालिबान का लक्ष्य पाकिस्तान को अपने नियंत्रण में लेना है। वह यदि ऐसा करने में सफल हो गया तो यह अमेरिका और भारत के लिए तबाही मचाने वाला साबित होगा।
अखबार ने अपने संपादकीय में लिखा है, "पिछले 10 दिनों में तालिबान के साथ पाकिस्तान का संघर्ष युद्ध की दिशा में मुड़ गया है।"
अखबार के मुताबिक, "तालिबान का लक्ष्य सिर्फ पाकिस्तान और अफगानिस्तान के पश्तुन क्षेत्र पर कब्जा करना ही नहीं है बल्कि परमाणु क्षमता संपन्न पाकिस्तान पर कब्जा करना है।"
संपादकीय में कहा गया है, "यह अमेरिका के लिए अच्छी खबर नहीं है। पाकिस्तान पर आतंकवादियों का कब्जा और भारत व अफगानिस्तान में अस्थिरता अमेरिका के हित में नहीं है।"
इसमें कहा गया, "ओबामा प्रशासन के प्रवक्ता द्वारा तालिबान के खतरे को कम आंकना और इसे अलकायदा के खतरे के बराबर न देखना, अचरज में डालने वाला है। अलकायदा का खतरा अभी भी बना हुआ है। हालांकि पिछले कुछ वर्षो में उसे गंभीर परिणाम भुगतने पड़े हैं जबकि तालिबान पाकिस्तान और अफगानिस्तान पर नियंत्रण कर अपने को पुनर्जीवित करने के लिए संघर्ष कर रहा है।"
अखबार ने चेताया है, "हम नहीं जानते कि तालिबान अमेरिका पर हमले की योजना बना रहा है या नहीं, लेकिन यदि वह पाकिस्तान या अफगानिस्तान में तख्ता पलट करने के अपने अभियान में सफल रहा, तो यह अमेरिका और उसके प्रमुख सहयोगी भारत के लिए विनाशकारी साबित होगा।"
अखबार ने कहा है, "यदि अमेरिका तालिबान को खत्म करने की कोशिशें त्याग दे तो क्या वह यह उम्मीद कर सकता है कि पाकिस्तान अकेले उसका सामना कर पाएगा।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications