उप्र में भारी मात्रा में नकली दूध, पनीर और मावा बरामद, 22 गिरफ्तार
राज्य के अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) द्वितीय ए.के.जैन ने बुधवार को लखनऊ में बताया कि एटा के पिलुआ इलाके में नकली दूध की फैक्टरी का भंडोफोड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार करके 1,000 हजार लीटर नकली दूध व इसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री जब्त की गई है। इससे पहले मंगलवार को एटा के मारहारा इलाके में 2,000 लीटर नकली दूध के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
इसी तरह मेरठ के जानी थाना क्षेत्र इलाके में पुलिस ने टीकरी गांव में छापेमारी करके एक घर में नकली मावा बनाते नौ लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 क्विंटल नकली मावा बरामद किया है। बरेली जिले के भमौरा इलाके में एक यूटिलिटी गाड़ी से 2.50 क्विंटल नकली पनीर और 150 किलोग्राम नकली क्रीम बरामद कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि बुलंदशहर के सिकंदरा कस्बे स्थित राज ट्रेडर्स नाम की तेल फर्म में छापेमारी की गई जिसमें अवैध रूप से नकली लेबल लगाकर बेचने के लिए रखे 26,000 लीटर सरसों का तेल व नकली रैपर बरामद किया है। फर्म के मालिक राजीव गोयल को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जैन ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ खाद्य अपमिश्रण निवारण अधिनियम के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून(रासुका) और गैंग्स्टर के तहत कार्रवाई की जाएगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications