चीन मामले में भाजपा ने सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने संवाददाताओं से चर्चा में कहा, "प्रधानमंत्री के अरूणाचल दौर पर चीन के विरोध ने अंतर्राष्ट्रीय कूटनीति के सभी मानकों को तार-तार कर दिया है। इसलिए चीन के साथ हमारे संबंधों और संबंधित मसलों पर व्यापक सलाह मशविरा करने और आम सहमति बनाने के लिए प्रधानमंत्री जल्द से जल्द एक सर्वदलीय बैठक बुलाए।"
उन्होंने कहा कि चीन की आक्रामक हरकतों का न केवल कायरतापूर्ण उत्तर दिया जा रहा है बल्कि उसे कम करके भी पेश किया जा रहा है। भाजपा चीन के साथ अच्छे संबंध चाहती है लेकिन ये संबंध हमारी क्षेत्रीय अखंडता की कीमत पर स्थापित नहीं होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा की टिप्पणी से भाजपा को बहुत निराशा हुई है। उनके बयान से देश की क्षेत्रीय अखंडता को सुरक्षित रखने की सरकार की इच्छाशक्ति और क्षमता के बारे में लोगों के मन में संदेह पैदा होता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications