ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ का निजी सचिव मुक्त, 3 अपहर्ता ढेर
यह मुठभेड़ नोएडा के फेस टू पुलिस स्टेशन के सेक्टर-88 में हुई। दत्त के पिता की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए नोएडा पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
दत्त के पिता ने बताया कि उनका पुत्र रोज शाम सात बजे के करीब घर लौट आता था लेकिन मंगलवार को जब वह घर नहीं पहुंचा तो इस बारे में उन्होंने पुलिस को जानकारी दी।
पुलिस निरीक्षक एस. के. एस प्रताप ने बताया कि दत्त के पिता के पास शाम 7.45 के करीब अपहर्ताओं ने फोन कर उनके एटीएम कार्ड का पिन कोड जानना चाहा। उसके घंटा भर बाद अपहर्ताओं ने दोबारा फोन किया और इस बार उन्होंने 10 लाख रुपये फिरौती की मांग की। मोबाइल फोन से अपहर्ताओं के ठिकाने का पता लगा लिया गया। वे सेक्टर-88 में थे।
प्रताप ने बताया कि बुधवार सुबह लगभग पांच बजे सफेद रंग की इंडिका कार में सवार होकर जा रहे अपहर्ताओं का पुलिस ने पीछा किया। अपहर्ताओं ने पुलिस पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में तीन अपहर्ता घायल हो गए। बाद में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
अपहर्ताओं में से एक की पहचान शेखर शर्मा के रूप में की गई है। वह ग्रेटर नोएडा का रहने वाला था जबकि दो अन्य की पहचान लोनी के मोहम्मद वसीम और मौजपुर के इमरान के रूप में की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications