बुगती की हत्या के सिलसिले में मुशर्रफ के खिलाफ मामला दर्ज
इस्लामाबाद, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। बलूच नेता नवाब अकबर खान बुगती की हत्या के सिलसिले में कथित भूमिका के कारण पाकिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
बुगती की हत्या वर्ष 2006 में हुई थी। अधिवक्ता सोहेल राजपूत ने जियो टीवी को बताया कि इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में पूर्व प्रधानमंत्री शौकत अजीज, पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के गवर्नर ओवेस अहमद घानी, पूर्व आंतरिक मंत्री आफताब आलम खान शेरपाओ और बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री जाम यूसुफ को नामजद किया गया है।
इससे पहले मुशर्रफ ने सात अक्टूबर को अदालत में पेश होने के बलूचिस्तान उच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना की थी। इसी के बाद न्यायालय ने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया था। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि पुलिस मुशर्रफ के खिलाफ कार्रवाई किस प्रकार करेगी।
मुशर्रफ इस समय विदेश में हैं। इससे पहले उन्होंने जुलाई में उच्चतम न्यायालय के नोटिस की भी अनदेखी थी। पाकिस्तान में आपातस्थिति लागू करने संबंधी मामले की सुनवाई के दौरान मुशर्रफ को पेश होने का नोटिस भेजा गया था।
बलूचिस्तान के पूर्व मुख्यमंत्री बुगती 26 अगस्त 2006 को पाकिस्तानी सेना की कार्रवाई में मारे गए थे।
मुशर्रफ की बलूचिस्तान यात्रा के दौरान रॉकेट दागे जाने की घटना के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूच विद्रोहियों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया था। इसी के बाद बुगती भूमिगत हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications