पाक को अधिक महत्व देते हैं हम: राहुल

कांग्रेस की छात्र इकाई भारतीय राष्ट्रीय छात्र संघ (एनएसयूआई) के लिए युवाओं को लुभाने एकदिवसीय यात्रा पर हिमाचल पहुंचे राहुल ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "हम पाकिस्तान को बहुत अधिक महत्व दे रहे हैं। वह एक छोटा सा देश है। भारत से उसकी तुलना नहीं की जा सकती।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान के आंतरिक मामले हमें प्रभावित जरूर करते हैं लेकिन हम उसे आवश्यकता से अधिक महत्व दे रहे हैं। हम उसे जितना महत्व देते हैं, मेरे हिसाब तो वह उसके आधे के योग्य भी नहीं है।"
राहुल ने कहा, "अगर आप देखेंगे तो पाकिस्तान के प्रति विश्व का नजरिया बदला है। यह सिर्फ एक दिन में नहीं हुआ है। यह एक लंबी प्रक्रिया है। भारत ने पाकिस्तान पर दबाव बना रखा है। विश्व समुदाय भी उस पर दबाव बना रहा है। पाक से संबंधित कुछ मुद्दों का हमें इंतजाम करना होगा, जो कि किया भी जा रहा है। हमारी स्थिति सुदृढ़ है। भारत और पाकिस्तान की तुलना ही नहीं की जा सकती।"
प्रमुख विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा, "उसकी विचारधारा 1000 वर्ष पुरानी हो चुकी है। वह अभी भी मोहम्मद अली जिन्ना की बात करती है जो कि एक इतिहास है। जिन्ना के बारे में तो मैं एक सेकेंड भी नहीं सोच सकता।"
उन्होंने कहा, "हम गरीबों और पिछड़ों के उत्थान की विचारधारा पर काम करते हैं।" राहुल ने कहा कि कांग्रेस हो या भाजपा या फिर अन्य राजनीतिक दल, युवाओं के लिए इनके दरवाजे उतने नहीं खुले हैं जितने कि होने चाहिए।
उन्होंने कहा, "मैं यही करने की कोशिश कर रहा हूं। देश का युवा आज जानना चाहता है कि आने वाले वर्षो में हम उन्हें क्या देने जा रहे हैं।" उन्होंने कहा कि वह पार्टी के अग्रिम संगठनों जैसे युवक कांग्रेस और एनएसयूआई में अधिक से अधिक लोकतंत्र कायम करने की कोशिश कर रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications