महाराष्ट्र, हरियाणा, अरुणाचल में वोटिंग शुरू

महाराष्ट्र में मंगलवार को 7.6 करोड़ मतदाता कुल 3,559 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य तय करेंगे। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 211 है। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। कुल 84,136 मतदान केंद्रों पर इन सुरक्षाकर्मियों की पैनी नजर रहेगी।
राजनीतिक दलों के बीच कड़ी टक्कर
महाराष्ट्र में मुख्य मुकाबला कांग्रेस-राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-शिव सेना गठबंधन के बीच है। इनके अलावा कई छोटी पार्टियों के प्रत्याशियों और बागियों के राजनीतिक भाग्य का फैसला भी होना है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-राकांपा गठबंधन को 139 और भाजपा-शिवसेना को 119 सीटें मिलीं थीं। इसके अलावा अन्य दलों तथा निर्दलियों ने 30 सीटों पर कब्जा जमाया था।
हरियाणा में 1,222 उम्मीदवार
हरियाणा में में 1.31 करोड़ मतदाता कुल 1,222 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मतदान के लिए तकरीबन 70,000 सरकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए लगभग 65,000 सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
अरूणाचल में 157 उम्मीदवार
अरूणाचल प्रदेश विधानसभा की 57 सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच मंगलवार सुबह मतदान आरंभ हो गया। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 60 सीटों वाली विधानसभा की 57 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के निर्विरोध चुन लिए जाने की वजह से अब 57 सीटों पर मतदान हो रहा है। खांडू तवांग जिले की मुक्तो सीट से वर्ष 1999 और 2004 में भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
राज्य में कुल 157 उम्मीदवर चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। दूसरी ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकापा) 36, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 22 और तृणमूल कांग्रेस भी 26 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। अरूणाचल में लगभग 750,000 मतदाता 2,000 से अधिक मतदान केंद्रों पर मतदान के अपने संवैधानिक अधिकार का इस्तेमाल करेंगे। केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) में कांग्रेस के साथ शामिल रांकापा और तृणमूल यहां कांग्रेस को चुनौती दे रहे हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications