ब्राउन लौटाएँगे संसद को पैसा

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन ने कहा है कि वे संसदीय खर्चों के रुप में लिए गए 12,415 पाउंड (93 हज़ार रुपयों से अधिक) की अतिरिक्त राशि वापस लौटाएँगे. उन्होंने सांसद के रुप में यह राशि वर्ष 2004 से अब तक ली थी. सांसदों के खर्चों पर पिछले कुछ महीनों में हुए हंगामे के बाद इस संसदीय खर्चों की स्वतंत्र रुप से ऑडिट करवाई जा रही है.
ऑडिटर सर थॉमस लेग ने माना है कि साफ़-सफ़ाई के लिए 2000 पाउंड और गार्डेनिंग के लिए 1000 पाउंड से अधिक जो भी राशि प्रधानमंत्री ब्राउन ने ली है वह उन्हें वापस लौटाना चाहिए. कहा गया है कि इन दोनों मदों में उन्होंने नियत राशि से ज़्यादा का दावा किया था.
इस बीच विपक्ष के नेता डेविड कैमरुन से भी कहा गया है कि उन्होंने संसदीय खर्चों के दावे के रुप में जो भारी-भरकम राशि ली है, उसका ब्यौरा उपलब्ध करवाएँ. संवाददाताओं का कहना है कि ऑडिटर जिस तरह से खर्चों की नई सीमा को पुराने मामलों में लागू कर रहे हैं उससे सांसदों में नाराज़गी है क्योंकि इससे उन्हें भारी भरकम राशि वापस लौटानी पड़ रही है.
सांसदों के खर्चों के मामले में हो रही अनियमितता को एक अख़बार ने उजागर किया था इसके बाद आम जनता के बीच काफ़ी रोष था. अख़बार ने अपनी रिपोर्ट में ज़ाहिर किया था कि किस तरह सांसदों ने ग़लत ढंग से भारी-भरकम राशि संसदीय खर्च के रुप में वसूल लिए थे. इस रिपोर्ट के बाद कई सांसदों को बड़ी राशि वापस लौटानी पड़ी थी और संसद से इस्तीफ़े देने पड़े थे.












Click it and Unblock the Notifications