हरियाणा चुनाव : शुरुआती 4 घंटों में 18 फीसदी मतदान
चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए मंगलवार को हो रहे मतदान में शुरुआती चार घंटों में राज्य के 1.31 करोड़ मतदाताओं में से 18 फीसदी ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। ये मतदाता आज कुल 1,222 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक कुरूक्षेत्र के निकट पेहोवा विधानसभा सीट पर मतदाताओं में सबसे अधिक उत्साह दिखा। सुबह 11 बजे तक यहां 25 फीसदी मतदान हुआ जबकि मानेसर के निकट बावल विधानसभा सीट पर मतदाताओं के उत्साह में कमी देखी गई। सुबह 11 बजे तक यहां सिर्फ आठ फीसदी ही मतदान हुआ।
सुबह सात बजे से ही राज्य में मतदान हो रहा है। शहरी क्षेत्रों की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में मतदान में तेजी देखी जा रही है। गुड़गांव में सुबह से ही मतदान की गति धीमी बनी हुई है।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मतदान के लिए तकरीबन 70,000 सरकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए लगभग 65,000 सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications