पाक में आत्मघाती हमले में मृतकों की संख्या 45 हुई
पाकिस्तानी समाचार चैनल 'जियो टीवी' ने मंगलवार को इस संबंध में जानकारी दी। समाचार चैनल के अनुसार स्वात घाटी के शांग्ला जिले के अलपुरी इलाके के भीड़भाड़ वाले एक चौराहे के समीप सोमवार को हुए आत्मघाती हमले में घायल अन्य दो व्यक्तियों की मंगलवार को मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 45 हो गई।
सोमवार को हुए आत्मघाती हमले में 45 लोग घायल हो गए थे। विस्फोट सुरक्षा बलों के काफिले के समीप हुआ था, जिससे तीन वाहनों को क्षति भी पहुंची थी।
उधर छावनी शहर रावलपिंडी में सैन्य मुख्यालय पर हुए आतंकवादी हमले के सिलसिले में पुलिस ने कुछ अफगानी नागरिकों सहित कम से कम 28 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जियो टीवी के अनुसार लाहौर में भी कुछ लोगों की गिरफ्तारी हुई है। ये सभी पंजाब सूबे के मियांवाली शहर के थे। सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में चार की पहचान कमरान बलूच, अता बलूच, इमरान बलूच और सईद बलूच के रूप में हुई।
पाकिस्तान में इन दिनों लगातार विस्फोट हो रहे हैं। शुक्रवार को पेशावर में हुए आत्मघाती हमले में 53 लोग मारे गए और 100 से अधिक घायल हुए थे। शनिवार को आतंकवादियों ने रावलपिंडी स्थित सैन्य मुख्यालय पर हमला बोल दिया था, जिसमें 19 लोग मारे गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications