विधानसभा चुनाव : भारी सुरक्षा के बीच तीनों राज्यों में मतदान जारी (लीड-1)
निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती तीन घंटों में महाराष्ट्र और हरियाणा में 10 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र की 288, हरियाणा की 90 और अरूणाचल प्रदेश की 57 सीटों के लिए आज सुबह से ही मतदान हो रहा है।
महाराष्ट्र में राज्यपाल एस. सी. जमीर, उद्योगपति अनिल अंबानी एवं आदि गोदरेज, मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, अभिनेता राहुल बोस और क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर सुबह सबसे पहले मतदान करने वालों में शामिल रहे।
राज्यपाल ने दक्षिणी मुंबई में राजभवन में बने मतदान केंद्र पर मत डाला। वहीं अंबानी ने कोलाबा मतदान केंद्र पर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री चव्हाण ने नांदेड़ में मत डाला।
उद्योगपति आदि गोदरेज और मुंबई के पुलिस आयुक्त डी. शिवनंदन ने भी सुबह-सुबह मतदान किया। राहुल बोस ने उत्तर पश्चिम मुबई में अपने मताधिकार का उपयोग किया।
गढ़चिरौली जिले में सुबह मतदान आरंभ होने से पहले संदिग्ध नक्सलियों ने गोलीबारी की। इसमें कोई भी हताहत नहीं हुआ। पिछले सप्ताह नक्सलियों ने यहां 17 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। गढ़चिरौली के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार ने आईएएनएस को बताया, "अहेरी विधानसभा क्षेत्र के कसनपुर गांव में सुबह लगभग 6.30 बजे गोलीबारी हुई।"
जयकुमार ने कहा कि घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं भरोसा दिलाना चाहता हूं कि स्थिति नियंत्रण में है और चिंता की कोई बात नहीं है। यहां मतदान निर्धारित समय सुबह सात बजे से आरंभ हो गया।"
राज्य के 7.6 करोड़ मतदाता कुल 288 विधानसभा सीटों पर 3,559 उम्मीदवारों का राजनीतिक भविष्य तय करने के लिए अपने-अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। इनमें महिला उम्मीदवारों की संख्या 211 है। शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से व्यापक तैयारियां की गई हैं। कुल 84,136 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
उधर, हरियाणा में सुबह से मतदान जारी है। राज्य में 1.31 करोड़ मतदाता कुल 1,222 उम्मीदवारों के राजनीतिक भविष्य का फैसला करेंगे।
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी सज्जन सिंह ने बताया कि मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। मतदान के लिए तकरीबन 70,000 सरकारी कर्मचारियों को लगाया गया है। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए लगभग 65,000 सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।
अरूणाचल प्रदेश की 57 सीटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के बीच आज सुबह से ही मतदान जारी है। एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि कुल 60 सीटों वाली विधानसभा की 57 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे आरंभ हुआ। मुख्यमंत्री दोरजी खांडू सहित कांग्रेस के तीन उम्मीदवारों के निर्विरोध चुन लिए जाने की वजह से अब 57 सीटों पर मतदान हो रहा है। खांडू तवांग जिले की मुक्तो सीट से वर्ष 1999 और 2004 में भी निर्विरोध निर्वाचित हुए थे।
राज्य में कुल 157 उम्मीदवर चुनावी मैदान में हैं। कांग्रेस ने सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। दूसरी ओर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (रांकापा) 36, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 22 और तृणमूल कांग्रेस भी 26 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
अरूणाचल में लगभग 750,000 मतदाता हैं 2,000 से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। केंद्र में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में कांग्रेस के साथ शामिल रांकापा और तृणमूल यहां कांग्रेस को चुनौती दे रहे हैं।
वर्ष 2004 के चुनाव में कांग्रेस ने 34 सीटें जीतीं थीं। इसके अलावा निर्दलियों ने 13, भाजपा ने नौ और रांकापा व अरूणाचल कांग्रेस ने दो-दो सीटों पर जीत हासिल की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications