बिहार में रेलवे स्टेशन और प्रखंड कार्यालय पर नक्सली हमला (लीड-2)
पुलिस के अनुसार नक्सलियों ने मंगलवार को तड़के करीब तीन बजे मुंगेर जिले के संग्रामपुर प्रखंड कार्यालय पर हमला बोला और कार्यालय की इमारत को विस्फोटकों से उड़ा दिया। घटना की पुष्टि करते हुए संग्रामपुर थाने के प्रभारी किशोर कुमार ने बताया कि इस घटना में प्रखंड कार्यालय की इमारत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उन्होंने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली फरार हो गए।
दूसरी ओर नक्सलियों ने औरंगाबाद जिले के मदनुपर थाना क्षेत्र के पड़ड़िया गांव और गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल हुसैनगंज गांव में धावा बोलकर निजी मोबाइल कंपनी के दो टॉवरों को जला दिया। औरंगाबाद के पुलिस उपाधीक्षक अख्तर हुसैन और शेरघाटी अनुमंडल के पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) रंजन कुमार ने इन घटनाओं की पुष्टि की।
इससे पहले नक्सलियों ने सोमवार देर रात बंशीपुर रेलवे स्टेशन पर हमला बोल दिया था। पुलिस के अनुसार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के करीब 40-50 नक्सली सोमवार रात करीब 12 बजे बंशीपुर रेलवे स्टेशन पर आ धमके और वहां सहायक स्टेशन मास्टर (एएसएम) ए़ क़े गौड़ सहित स्टेशन पर तैनात कर्मचारियों को अपने कब्जे में कर लिया।
इसके बाद नक्सलियों ने स्टेशन के कंट्रोल पैनल सहित सभी कागजातों को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने बंधक बनाये गए सभी रेलकर्मियों को मुक्त कर दिया।
घटना की पुष्टि करते हुए राजकीय रेल पुलिस, जमालपुर के पुलिस अधीक्षक विमल कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद किउल-झाझा रेलखंड पर परिचालन ठप हो गया था, जिसे सुबह दुरूस्त किया गया।
उल्लेखनीय है कि भाकपा (माओवादी) ने बिहार और झारखण्ड में सोमवार से दो दिवसीय बंद का ऐलान कर रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications