राज ठाकरे के साथ गठबंधन नहीं : कांग्रेस
नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को राज ठाकरे के महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के साथ गठबंधन की संभावनाओं को खारिज कर दिया।
कांग्रेस के महासचिव दिग्विजय सिंह ने कहा, "वर्तमान में मनसे के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं है। इस तरह का गठबंधन न तो पहले रहा है और न ही भविष्य में होगा।"
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने सहयोगी गठबंधन राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के साथ सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार 85 सीटें जीतेगी। उन्होंने कहा कि राकांपा 60 सीटें जीतने में सफल होगी।
वर्ष 2004 में 288 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस ने 69 और राकांपा ने 71 सीटें जीती थी। इस बार कांग्रेस 174 और राकांपा 114 सीटों पर मैदान में है। चुनाव परिणाम 22 अक्टूबर को जारी होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications